मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र। दुद्धी के प्राथमिक विद्यालय बावंझरिया में शिक्षामित्र श्री शारदा पटेल के शिक्षा विभाग में 20 वर्षों की सेवा पूर्ण होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि शारदा पटेल ने दो दशक तक पूरी निष्ठा से बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का कार्य किया। उनके लिए यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि बच्चों का भविष्य संवारने का मिशन रहा। समारोह में पुराने विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया।
• “जो कमाया, वह बच्चों का प्यार और आप सभी का सम्मान है”
अपने संबोधन में शारदा पटेल ने कहा कि शिक्षा विभाग में बिताए 20 वर्ष उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विभाग, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मुसई राम, सहायक अध्यापक चंद्रेश मौर्य, अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष मनोज यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ दुद्धी के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, प्रधानाध्यापिका श्रीमती सुमन, परवेज अहमद, सरिया सिंह सहित अशोक, मुकेश, जयराम, सोनू पनिका, उर्मिला देवी, पुष्पा, रेखा, सरिता, पूजा, वैष्णवी देवी, उमावती, रामचंद्र समेत बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र मौजूद रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण भावी जीवन की कामना की।