रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। नधिरा और बीजपुर उपकेंद्र से जुड़े अंजानी, पिंडारी, झीलों, महरीकलां, खमहरिया, जरहा, नेमना, डोडहर, बीजपुर और सिरसोती सहित कई दर्जन गांवों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे के स्थान पर करीब 10 घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिलने का आरोप है, जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है और लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। वहीं उमस भरी गर्मी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण ग्रामीणों की रातों की नींद भी प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही और मनमानी के चलते लाखों की आबादी परेशानी झेल रही है। पूछने पर 33 केवी फाल्ट या ऊपर से इमरजेंसी रोस्टिंग के आदेश की बात बताई जाती है।
• विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर पेयजल संकट दूर होने की उम्मीद
इस संबंध में जीवीपीआर कंपनी के सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण कुमार ने बताया कि विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने के कारण गांवों में जलापूर्ति करने में दिक्कत हो रही है। वहीं एसडीओ म्योरपुर शिवम गुप्ता ने बताया कि रात में सिरसोती में फाल्ट था, जबकि अन्य गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य गांवों में विद्युत आपूर्ति को लेकर जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।