रामबाबू संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। ग्राम पंचायत गुलालझरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। युवा समाजसेवी एवं समाजवादी पार्टी छात्रसभा के दुद्धी विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव ने उपजिलाधिकारी दुद्धी और खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान त्रिभुवन यादव के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि पात्र गरीबों को आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले 5 हजार रुपये की मांग की जा रही है। विरोध करने पर भी पैसे देने का दबाव बनाए जाने की बात कही गई है।
• वीडियो प्रमाण होने का दावा, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
अजय यादव ने आरोप लगाया है कि पूरे मामले का वीडियो प्रमाण मौजूद है, जिसमें कथित रूप से पैसे की मांग करते हुए देखा और सुना जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि सरकार की आवास योजनाएं गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए संचालित की जाती हैं, लेकिन यदि उन्हीं योजनाओं में कथित अवैध वसूली होगी तो इससे जनता का भरोसा कमजोर होगा। मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।