अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के आर्यभट्ट स्कूल के पास शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान भाटी महुआ गांव निवासी लंका प्रजापति पुत्र छोटक राम उम्र करीब 60 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लंका प्रजापति बाइक से अपने घर से बभनी की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रही कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
• पुलिस ने भाग रही कार को बॉर्डर से पकड़ा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लंका प्रजापति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि हादसे के बाद भाग रही कार को आसनडीह बॉर्डर से पकड़ लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।