SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। घोरावल कस्बे के वार्ड नंबर 10 में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे सिकन्दर सोनकर (28) की डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि सिकन्दर घर से कुछ दूरी पर एकांत स्थान में चारपाई पर लेटा था। इसी दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में प्रयुक्त बालू-सोलिंग उतारने आई डंपर सामग्री अनलोड करने के बाद लौट रही थी। आरोप है कि जाते समय डंपर का पहिया चारपाई पर चढ़ गया, जिससे सिकन्दर का सिर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
• पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, चालक की तलाश जारी
मृतक मंडी में फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय अस्पताल पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार मृतक के भाई पंकज की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच के साथ फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
.