शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
दुद्धी/ओबरा(सोनभद्र)। रक्षाबन्धन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दुद्धी और ओबरा बाजार में विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। दुद्धी बाजार स्थित उमंग स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, भागश्री से मिल्क केक के दो नमूने, अलवेला स्वीट्स से कलाकन्द मिठाई तथा सोनल की दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं ओबरा बाजार स्थित महक इण्टरप्राइजेज से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के एक-एक नमूने लिए गए।
सभी नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। टीम द्वारा आम जनमानस को मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक भी किया गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, बालेन्दु शेखर मंगलमूर्ति और कीर्ति आनन्द शामिल रहे। विभाग ने बताया कि रक्षाबन्धन के दृष्टिगत गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।