मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। दुद्धी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15.29 लाख रुपये मूल्य के दो पिकअप वाहनों को कुर्क किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी संख्या 01/2026 से संबंधित मामले में आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई चल संपत्तियों की पहचान कर धारा 14(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई। कुर्क संपत्तियों में एक पिकअप वाहन अखिलेश कुमार यादव निवासी कूदल, कोन के नाम पंजीकृत बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10.29 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि दूसरा पिकअप वाहन आशीष यादव निवासी मुडीसेमर जामपानी, विंढमगंज के नाम पंजीकृत है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है।
• आरोपियों पर पहले से भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार कुर्क की गई दोनों संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 15,29,200 रुपये है। आरोप है कि यह संपत्तियां अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थीं, जिसके आधार पर नियमानुसार कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने बताया कि अखिलेश कुमार यादव और आशीष यादव के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामला भी शामिल है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई प्रचलित है। कुर्की अभियान में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष शिव कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।