रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। धरतीडांड गांव स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगल में नाले के पास एक महिला का बिखरा कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह चरवाहों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने मौके पर मिले साड़ी, पायल और चप्पल के आधार पर कंकाल की पहचान म्योरपुर क्षेत्र के झानि पाथर गांव निवासी पार्वती (32) के रूप में की। परिजनों के अनुसार पार्वती 10 मई को घर से म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद 19 मई को म्योरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
• जंगल तक कैसे पहुंची पार्वती, जांच का सबसे बड़ा सवाल
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और सीओ हर्ष पाण्डेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नरकंकाल की शिनाख्त कर ली गई है और हर पहलू पर गहन जांच की जा रही है। परिजनों का कहना है कि घर से बाजार जाने के लिए निकली महिला का दूरस्थ जंगल में पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है और घटना को लेकर अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है। पार्वती के पति विनोद कुमार उस समय अहमदाबाद में काम कर रहे थे और सूचना मिलने पर घर लौटकर पत्नी की तलाश में जुटे थे। पार्वती अपने पीछे तीन मासूम बच्चों—श्रेया (8), आर्या (6) और जया (2)—को छोड़ गई हैं, जिससे पूरे परिवार में शोक और स्तब्धता का माहौल है।