रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में 16 मई से 31 मई तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का सफलतापूर्वक समापन किया गया। अभियान के दौरान परियोजना के विभिन्न विभागों, अनुभागों तथा कल्याण निकायों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ, विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं ने भाग लिया। पखवाड़े के दौरान आवासीय परिसर, विद्यालयों, सब्जी मंडी और आसपास के गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान स्थापित किए गए।
• जागरूकता कार्यक्रमों और वृक्षारोपण से दिया स्वच्छता का संदेश
अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता वार्ता, सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन अभियान, नुक्कड़ नाटक, निबंध, नारा, ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बालिका सशक्तिकरण अभियान में शामिल छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। ‘अपशिष्ट से समृद्धि’ थीम के अंतर्गत प्रदर्शनी लगाकर लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है तथा ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।
.