शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। ऑपरेशन शुद्धि के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और SOG टीम ने अंतर्राज्यीय अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 36.500 किग्रा अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
• पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर, घेराबंदी कर दबोचे गए
28 अगस्त 2026 को चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर पुलिस और SOG टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर हिन्दुआरी की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या UP32HQ1416 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने के लिए वाहन मोड़ दिया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 10 बजे चारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में रखा 36.500 किग्रा गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उड़ीसा के सम्भलपुर के पास से गांजा लेकर जनपद बलिया पहुंचाने का काम करते थे। इस काम के लिए प्रत्येक व्यक्ति को करीब 15 हजार रुपये दिए जाते थे। पुलिस चेकिंग से बचने के लिए व्हाट्सऐप कॉल और लोकेशन के जरिए एक-दूसरे से संपर्क करते थे। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि रास्ते में छत्तीसगढ़ के जशपुर जनपद में पुलिस चेकिंग से बचने के दौरान किया कार को छोड़कर वे स्कॉर्पियो से आगे बढ़े थे। पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और किया कार की चाबी भी बरामद की है। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मु0अ0सं0-721/2026, धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में विधिचन्द्र यादव निवासी मऊ, साजिद अली, रईस खान और आदित्य जायसवाल निवासी कुशीनगर शामिल हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, SOG प्रभारी नागेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी हिन्दुआरी विनय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी चुर्क धर्मनारायण भार्गव समेत पुलिस टीम ने की।