वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घिवही गांव में बालू लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। वन रेंजर रत्नेश कुमार के अनुसार, वन रेंज की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब एक घन मीटर बालू का अवैध परिवहन पकड़ा गया। टीम ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में ले लिया। मामले में घिवही गांव निवासी नंदलाल कुशवाहा पुत्र शिवधारी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 (यथासंशोधित 2000) की धारा 41/42 और 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
• कनहर और मालिया नदी से बालू उठान पर निगरानी, आगे की कार्रवाई जारी
वन विभाग ने जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को बालू समेत रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कनहर और मालिया नदी से बालू उठाकर परिवहन किए जाने की शिकायतों के बीच वन विभाग की इस कार्रवाई से ट्रैक्टर मालिकों में हलचल है। विभाग की ओर से अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही गई है।