सोनभद्र। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से जनपद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली।
• बचपन बचाने और बेटियों को पढ़ाने का दिया संदेश
कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। बालिकाओं को शिक्षित एवं सुरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे और अपने परिवार, मोहल्ले एवं गांव में भी इसका विरोध करेंगे। कार्यक्रम का संदेश 'बचपन बचाएं, बेटियों को पढ़ाएं, बाल विवाह मुक्त समाज बनाएं' रहा।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






