सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर करीब 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोडवेज बस स्टेशन का समुचित उपयोग नहीं होने से इसकी उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर बस स्टेशन परिसर में कई बसें खराब अवस्था में खड़ी होने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे प्रतिदिन सड़क पर जाम की स्थिति बन रही है और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी है। फ्लाईओवर के नीचे बसों के ठहराव से पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा आने वाले ग्राहकों और स्थानीय नागरिकों को भी परेशानी हो रही है। यहां यात्रियों के लिए महिलाओं के बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे महिलाओं और बच्चियों को विशेष असुविधा झेलनी पड़ रही है।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






