मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव निवासी 18 वर्षीय छात्रा शाहीन पुत्री मुराद अहमद ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शाहीन कक्षा 11 की छात्रा बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
• रेलवे पुलिस को दी गई थी घटना की सूचना, जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना गेटमैन कर्मचारी ने रेलवे पुलिस को दी थी। इसके बाद पीआरबी पुलिस के माध्यम से स्थानीय पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल छात्रा को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। परिजनों के मुताबिक, शाहीन चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी तीन बहनें और एक भाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी के मोर्चरी हाउस में रखवाया है। फिलहाल छात्रा के ट्रेन की चपेट में आने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।