अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। विकास खंड बभनी के कंपोजिट विद्यालय बिछियारी के प्रांगण में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एआरपी चंद्रशेखर, अमित कुमार और भानू प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कंपोजिट विद्यालय मझौली के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
• प्रतियोगिता में कई स्पर्धाओं में रहा प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में प्राथमिक बालक वर्ग कबड्डी में कंपोजिट विद्यालय मझौली प्रथम और कंपोजिट विद्यालय भंवर द्वितीय रहा। बालिका वर्ग कबड्डी में प्राथमिक विद्यालय जिगनहवा ने प्रथम तथा कंपोजिट विद्यालय मझौली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पीटी प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय मझौली प्रथम रहा। उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग खो-खो में कंपोजिट विद्यालय मझौली प्रथम और कंपोजिट विद्यालय महुआदोहार द्वितीय रहा। उच्च प्राथमिक बालक वर्ग खो-खो में कंपोजिट विद्यालय मझौली ने प्रथम तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय जिगनहवा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग कबड्डी में भी कंपोजिट विद्यालय मझौली प्रथम और कंपोजिट विद्यालय बिछियारी द्वितीय रहा। इसके अलावा विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन संकुल शिक्षक संदीप कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर संतोष यादव, राम नयन, रमेश गुप्ता, राजेश कुमार, प्रवीण सिंह, राजेश यादव, राजीव, प्रदीप यादव, मुईन अख्तर समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।