मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। एनएच-39 पर विंढमगंज थाना क्षेत्र के पोलवा गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी गाड़ी से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। घायलों की पहचान कमलेश यादव (22) पुत्र शिवकुमार यादव और श्याम बिहारी (20) पुत्र सियाराम, निवासी जोरुखाड़, तथा अशोक (23) पुत्र नान्हू अगरिया, निवासी ग्राम डूबा, थाना बभनी के रूप में हुई है। अशोक अपने जीजा के घर जोरुखाड़ आया हुआ था।
• एक युवक का पैर फ्रैक्चर, दो को सिर में गंभीर चोटें
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर दुद्धी से अपने गांव जोरुखाड़ जा रहे थे। इसी दौरान पोलवा गांव के पास उनकी बाइक मिक्सर ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में कमलेश यादव का एक पैर फ्रैक्चर हो गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं, जबकि श्याम बिहारी और अशोक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगीं। सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।