SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सोनभद्र जिला इकाई की आवश्यक बैठक जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में घोरावल में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री इंदुप्रकाश सिंह ने किया। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी रणनीतियों और शिक्षक हितों की रक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महासंघ की रीति-नीति, सिद्धांतों और उद्देश्यों से प्रेरित होकर विकास खंड घोरावल के वरिष्ठ शिक्षक शिवशंकर सिंह, राजेश वैश्य एवं पीयूष शुक्ल ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। जिला मीडिया प्रभारी सौरभ कार्तिकेय श्रीवास्तव ने उन्हें विधिवत सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी, जिला महामंत्री इंदु प्रकाश सिंह सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ और अनुभवी शिक्षकों के महासंघ से जुड़ने से जनपद में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
• सामूहिक बैठक के बाद गठित होगी घोरावल ब्लॉक की नई कार्यकारिणी
बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में जिला मीडिया प्रभारी सौरभ कार्तिकेय श्रीवास्तव ने विकास खंड घोरावल इकाई के गठन का प्रस्ताव सदन के सामने रखा।
प्रस्ताव का समर्थन करते हुए जिला संयुक्त मंत्री कमलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि विकास खंड के सभी सदस्यों की सामूहिक बैठक बुलाकर उनके विचारों और सुझावों को समाहित करते हुए जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाना उचित रहेगा।
बैठक में दिवाकर तिवारी, संतोष कुमार सिंह और दिनेश कुमार दुबे ने संयुक्त रूप से कहा कि महासंघ ने शिक्षकों को भय एवं भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, उसे सभी को मिलकर पूरा करना होगा। उन्होंने जनपद के समस्त शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से जुड़ें और शिक्षक हितों के साथ-साथ राष्ट्रहित में अपना अमूल्य योगदान दें। बैठक में संगठन के विस्तार और शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए विकास खंड स्तर पर संगठन को सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
.