अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के रन्दह बाजार के समीप रविवार को बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से अवधेश (17) पुत्र कैलाश यादव निवासी करचाटोला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सागसोती गांव से बालू लेकर आसनडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया।
• तीन घायलों का छत्तीसगढ़ में चल रहा इलाज
हादसे में राजेश (18) पुत्र नन्दकेश्वर, अरविंद (19) पुत्र पारस तथा छोटूराम (17) पुत्र लखन निवासी करचाटोला घायल हो गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए अम्बिकापुर ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।