रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद के एस डाइक क्षेत्र में राख निस्तारण एवं ढुलाई कार्य में लगे वाहन मालिकों ने परिवहन दर बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को सिरसोती गांव के अधौरा टोला में अपने वाहन खड़े कर धरना शुरू कर दिया। वाहन मालिकों का कहना है कि ओवरलोड परिवहन पर कार्रवाई और चालान होने के कारण उन्हें निर्धारित दरों पर काम करना घाटे का सौदा पड़ रहा है। धरने में मनोज बैसवार, विजेंद्र सिंह उर्फ बग्गा सिंह, सौरभ यादव, राजेश यादव, विजय यादव, बबलू सिंह, मुन्ना सिंह, दिनेश बैसवार, मोसिम शेख, रामबरन और संदीप केशरी सहित कई वाहन मालिक शामिल रहे।
• दर बढ़ाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
मोटर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बैसवार और विजेंद्र सिंह उर्फ बग्गा सिंह ने दावा किया कि वर्तमान में भभुआ के लिए 920 रुपये प्रति टन और चंदौली के लिए 820 रुपये प्रति टन की दर से भुगतान किया जा रहा है, जिससे वाहन संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब तक संविदाकारों द्वारा परिवहन दर में वृद्धि नहीं की जाती, तब तक वाहन खड़े कर विरोध जारी रखा जाएगा। वहीं एनटीपीसी रिहंद के उप प्रबंधक (मानव संसाधन) रौशन कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में ओवरलोड परिवहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवहन दर से जुड़ा विषय वाहन मालिकों और संविदाकारों के बीच का मामला है।