शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र।आत्महत्या की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव से सामने आया है, जहां महज 15 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आखिर किशोरी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।
चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पटवध में शनिवार सुबह उस समय मातम पसर गया, जब 15 वर्षीय किशोरी सविता का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। बताया जा रहा है कि सविता अपनी सौतेली मां के पास पटवध आई हुई थी। रोज की तरह सुबह उठकर नित्य क्रिया से निवृत्त होने के बाद उसने परिजनों की नजरों से बचते हुए कमरे में लगे धरन के सहारे साड़ी का फंदा बनाया और फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजन उसे तलाशते हुए कमरे में पहुंचे तो किशोरी को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की असमय मौत से पिता राम सजीवन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल किशोरी द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की तस्वीर साफ हो सकेगी। सवाल यह है कि आखिर लगातार बढ़ रही आत्महत्या की घटनाओं के पीछे वजह क्या है। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।