वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। वन रेंज विंढमगंज क्षेत्र के महुली गांव में मंगलवार सुबह जंगल से भटककर आया एक दुर्लभ उदबिलाव घर के बाहर लगी लोहे की जाली में फंस गया। जाली में फंसे वन्यजीव को देखकर ग्रामीणों में कौतूहल फैल गया। हालांकि किसी भी ग्रामीण ने उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं किया और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन दरोगा विवेक कुमार मौर्य के नेतृत्व में वन कर्मी ओम सिंह, देव यादव और जगदीश ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद उदबिलाव को सुरक्षित जाली से बाहर निकाल लिया गया और वन विभाग की निगरानी में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
• बरसात में वन्यजीवों के आबादी में पहुंचने पर तत्काल दें सूचना
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में भोजन और सुरक्षित रास्ते की तलाश में कई बार वन्यजीव जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में घबराने या वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देना सबसे सुरक्षित कदम है। समय पर सूचना मिलने से वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सकता है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाए जाने से उदबिलाव की जान बच गई। वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, भीड़ न लगाएं और तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।