रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई, जिसमें पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों की समीक्षा की गई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने जनपद में स्टोन, फ्लाई ऐश, एल्युमिनियम और सीमेंट आधारित वैल्यू एडिशन उद्योग स्थापित करने की मांग उठाते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा, उद्योगों का विकास होगा और जिले की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने नगर में सड़क निर्माण के दौरान रोड स्टड लाइट हटने, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण वितरण में हो रही परेशानी तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में बैंक शाखाओं द्वारा दस्तावेजों को लेकर लाभार्थियों को बार-बार परेशान किए जाने का मुद्दा भी उठाया।
• लैंड पूलिंग से औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का भी दिया सुझाव
बैठक में कौशल शर्मा ने मानसून के दौरान हेपेटाइटिस संक्रमण के बढ़ते खतरे का उल्लेख करते हुए नगर में आरओ पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति शीघ्र शुरू कराने और बंद पड़े आरओ प्लांटों को चालू कराने की मांग की। उन्होंने जिले में लैंड पूलिंग के माध्यम से नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने संबंधी ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह, नगर महामंत्री जसकीरत सिंह, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र मोदनवाल, विनय जायसवाल, नगर मंत्री अभिषेक सहित व्यापार संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
.