रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा जनपद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने जनपद में भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) रात्रि 08:00 बजे से प्रभावी होगी। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार के अवसर पर शुक्रवार शाम 08:00 बजे से मंगलवार सुबह 08:00 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं श्रावण शिवरात्रि (11 अगस्त 2026) के दृष्टिगत 07 अगस्त 2026 (शुक्रवार) रात्रि 08:00 बजे से 12 अगस्त 2026 (बुधवार) प्रातः 08:00 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी। इस दौरान जनपद में भारी वाहनों का संचालन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
• इन मार्गों से गुजरेंगे भारी वाहन, कांवड़ियों के लिए भी विशेष रूट तय
जारी आदेश के अनुसार सोनभद्र से मीरजापुर जाने वाले भारी वाहन हिन्दुआरी–सुकृत–अहरौरा मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। चोपन की ओर से मीरजापुर, भदोही एवं प्रयागराज जाने वाले भारी वाहन रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर–हिन्दुआरी–अहरौरा–टेंगरा मोड़ मार्ग का उपयोग करेंगे। रायपुर-पन्नूगंज से रॉबर्ट्सगंज, घोरावल एवं चोपन की ओर जाने वाले भारी वाहन बेलखुरी मोड़–मधुपुर मार्ग से संचालित होंगे। वहीं घोरावल-शाहगंज मार्ग से रॉबर्ट्सगंज शहर आने वाले भारी वाहनों को शाहगंज तिराहा–राजगढ़ होकर भेजा जाएगा। मारकुण्डी की ओर से कचहरी होते हुए पन्नूगंज जाने वाले भारी वाहन रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर–मधुपुर–बेलखुरी तिराहा मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
• ओदार से शिवद्वार मंदिर की ओर डायवर्ट होंगे ट्रैक्टर, पुलिस ने सहयोग की अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। राजगढ़/रॉबर्ट्सगंज की ओर से ट्रैक्टर के माध्यम से आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को शाहगंज से लगभग चार किलोमीटर आगे स्थित ओदार से सीधे शिवद्वार मंदिर, घोरावल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सोनभद्र पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।