सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले जाने और वहां स्क्रैप बेचने के बाद ट्रक कटवाने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरगवां, सिंगरौली से करीब 25 टन स्क्रैप आयरन लेकर ट्रक चुनार, मिर्जापुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में चालक को ट्रक से उतारकर वाराणसी भेज दिया गया, जिसके बाद ट्रक गायब हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने सीडीआर, एसडीआर, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और ट्रक के रूट की पड़ताल की, जिसमें ट्रक को मिर्जापुर ले जाकर पहले स्क्रैप बेचने और बाद में कबाड़ गोदाम में कटवाने की जानकारी सामने आई।
• कबाड़ गोदाम से पांच लाख नकद और करीब 15 लाख के कटे कल-पुर्जे बरामद
पुलिस टीम ने मिर्जापुर में पीएसी 39वीं वाहिनी के गेट नंबर दो के सामने स्थित कबाड़ गोदाम पर दबिश देकर धीरज यादव, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू और आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये कीमत के ट्रक के कटे हुए कल-पुर्जे व अवशेष, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की काले रंग की TVS Sport मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामद नकदी में भरत लाल के पास से चार लाख तथा धीरज यादव और आकाश गुप्ता के पास से 50-50 हजार रुपये मिले। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में कई अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। नीरज यादव और उमाकांत यादव समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा बरामद मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल जारी है।