बभनी(सोनभद्र)। ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में लगाए गए बैनर को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। खंड शिक्षा अधिकारी बभनी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक लेखाकार विजय कुमार और प्राथमिक विद्यालय नवाटोला तृतीय के सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार का वेतन रोकते हुए तीन कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। इस कार्रवाई के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बभनी थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को भी प्रार्थना पत्र सौंपा।
मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बैनर के माध्यम से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। विरोध प्रदर्शन में मंडल महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद, जिला प्रतिनिधि प्रमोद दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष सत्यनारायण तिवारी, संजय जायसवाल, प्रेमचंद गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
अजीत पाण्डेय संवाददाता






