सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के तहत बच्चों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने के लिए सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 06 नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों को सूजी का मीठा हलुआ या नमकीन उपमा (नमकीन हलुआ) दिया जाएगा। यह योजना नवंबर से फरवरी के तृतीय सप्ताह तक कुल 14 सप्ताह संचालित होगी।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार महीने के प्रथम एवं तृतीय शुक्रवार को मीठा हलुआ तथा द्वितीय, चतुर्थ और पंचम शुक्रवार को नमकीन उपमा दिया जाएगा।
योजना के तहत मीठा हलुआ के लिए प्रति बच्चा 7 रुपये और नमकीन उपमा के लिए 4 रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त भोजन पकाने एवं वितरण के लिए प्रति बच्चा 2 रुपये विद्यालय में कार्यरत रसोइयों को दिए जाएंगे, जिसे उनके बीच बराबर-बराबर बांटा जाएगा। इस संबंध में धनराशि प्रेषित करने की प्रक्रिया जारी है। योजना का उद्देश्य बच्चों को नियमित भोजन के साथ अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराना है।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






