विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के महुली में श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद की ओर से बीती रात श्रीकृष्ण-अर्जुन संग्राम उर्फ चित्रसेन गंधर्व नाटक का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी शानदार अभिनय क्षमता से द्वापर युग की धार्मिक कथा को जीवंत कर दिया। नाटक में महर्षि गालव, चित्रसेन गंधर्व, भगवान श्रीकृष्ण, अर्जुन, सुभद्रा और देवर्षि नारद के प्रसंगों का प्रभावशाली चित्रण किया गया। कथा में चित्रसेन गंधर्व द्वारा अनजाने में महर्षि गालव का अपमान होने के बाद भगवान श्रीकृष्ण द्वारा 24 घंटे के भीतर उसका वध करने की प्रतिज्ञा, वहीं सुभद्रा से अभयदान मिलने पर अर्जुन द्वारा उसकी रक्षा का संकल्प लेने से धर्मसंकट की स्थिति उत्पन्न होती है। अंत में सुभद्रा अपनी भक्ति और निष्ठा के बल पर महर्षि गालव के क्रोध को शांत करती हैं।
पूरे नाटक में शरणागत की रक्षा, धर्म, सत्य, मित्रता और वचनपालन का संदेश दिया गया। नाट्य मंचन के दौरान कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष सेकरार अहमद, दीपक कुमार कन्नौजिया, विनोद कन्नौजिया, डॉ. अब्दुल कलाम, अवधेश कुमार शर्मा, डायरेक्टर राजेश शर्मा, उप डायरेक्टर जसवंत शर्मा तथा लालमणि शर्मा सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय दर्शकों ने पहुंचकर नाटक का आनंद लिया।
वीरेंद्र कुमार संवाददाता






