रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। नवागत थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह ने रविवार को पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और शांति कायम रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपराधियों और थाना क्षेत्र में संचालित कबाड़ कारोबारियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि अपराध करने या चोरी का सामान खरीदने-बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपराधी को, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। मूलरूप से जौनपुर निवासी श्री सिंह ने वर्ष 2002 में कौशांबी से पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2022 में सोनभद्र आने के बाद वह म्योरपुर, जुगैल समेत कई थानों में सेवाएं दे चुके हैं।
• फरियादियों से बिना पैरवी सीधे मिलने पर जोर, दलालों के प्रवेश पर रोक
थाना प्रभारी ने कहा कि थाने में आने वाले गरीब हो या अमीर, सभी फरियादियों के साथ निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवहार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को किसी पैरवी की आवश्यकता नहीं है, वे सीधे उनसे मिलकर अपनी समस्या बता सकते हैं और हरसंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने थाने में अनावश्यक दरबारियों और दलालों के प्रवेश को वर्जित बताते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन का विश्वास कायम रखते हुए क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है।