मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। ऑपरेशन शुद्धि के तहत अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुद्धी पुलिस ने बड़ी बरामदगी की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम को सूचना मिली कि हाथीनाला-दुद्धी मार्ग स्थित रजखड़ घाटी के ढलान मोड़ पर ट्रक संख्या JK05G3831 पलट गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई 277 पेटियों और 100 प्लास्टिक बोरियों में 15,680 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 4,297 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये है। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
• ट्रक पलटा और तस्कर मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक ट्रक के आसपास चालक व अन्य व्यक्तियों की तलाश की गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं मिला। मामले में थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 265/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, व0उ0नि0 संजय सिंह, उ0नि0 हरिकेश राम समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।