वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के महुली ग्राम पंचायत के महुअरिया टोला निवासी ओम प्रकाश शर्मा (35) पुत्र चंद्रमणि शर्मा की रविवार दोपहर अबूझ परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार ओम प्रकाश धान के खेत में यूरिया खाद डालने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मौसम बिगड़ने पर तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए उन्होंने आम के पेड़ के नीचे अपनी बाइक खड़ी कर दी। करीब दोपहर दो बजे राहगीरों ने परिजनों को युवक के मृत पड़े होने की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। ओम प्रकाश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वृद्ध माता-पिता का सहारा छिनने के साथ ही उनके चार मासूम बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।