रिपोर्ट:डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने शनिवार को भ्रमणशील रहते हुए जनपद की विभिन्न सह संघ लिमिटेड एवं बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद वितरण की स्थिति, ई-पास मशीन से हो रही बिक्री एवं किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे उर्वरक का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी बहुअरा बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति, मधुपुर सह संघ लिमिटेड रॉबर्ट्सगंज, बट बन्तरा सहकारी समिति तथा गया रतवल सहकारी समिति पहुंचे। वहां मौजूद किसानों से वार्ता कर उन्होंने खाद वितरण की वास्तविक जानकारी ली और कहा कि यदि कहीं टैगिंग या निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण में जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर का मिलान कर स्थिति देखी और किसानों को आश्वस्त किया कि खाद की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि समितियों और संघों पर समय से खाद पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और हर किसान को आवश्यक खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिला प्रबंधक पीसीएफ को निर्देशित किया कि उर्वरक का समय पर एक्नॉलेज कराते हुए सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक से समन्वय स्थापित करें। साथ ही नगद बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दोहराया कि खाद वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।