रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र(ओबरा)। ओबरा थाना क्षेत्र स्थित गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में 7 फरवरी की दरम्यानी रात हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए ओबरा पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान विष्णु हरि उपाध्याय के रूप में हुई थी, जिनकी सोते समय पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी ने ऑफिस से 6500 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया तथा पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी श्रवण सिंह उर्फ श्रवण गोंड, जो पूर्व में कंपनी में तकनीशियन था, चारदीवारी फांदकर परिसर में घुसा और बरामदे में सो रहे उपाध्याय पर पत्थर से कई वार किए। इसके बाद चाबी लेकर ऑफिस खोला और नकदी व मोबाइल निकाल लिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरा तोड़कर मॉनिटर व प्रिंटर नाले के पास झाड़ियों में छिपा दिया। 12 फरवरी की देर रात मुखबिर की सूचना पर बग्घा नाला ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मोबाइल, नकदी, एचपी प्रिंटर और लेनोवो मॉनिटर बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने नौकरी से निकाले जाने और डांट-फटकार से रंजिश रखने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।