वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। मुख्य बाजार विंढमगंज में कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक बीज दुकान का निरीक्षण कर बीज और अन्य उत्पादों के नमूने संग्रहित किए। ईडीओ संदीप कुमार मौर्य और एडीओ कृषि सर्वेश कुमार सैनी की टीम ने सत्येंद्र कुमार कुशवाहा की दुकान पर पहुंचकर अभिलेखों, लाइसेंस और बिक्री संबंधी दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दुकान बिना किसी नाम-पट्ट (बोर्ड) के संचालित की जा रही थी। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि वह करीब पांच वर्षों से दुकान चला रहा है, लेकिन बोर्ड न होने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
• रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जांच के दौरान दुकान में विभिन्न प्रकार के बीज और दवाओं की बिक्री पाई गई, जिनसे संबंधित वैध लाइसेंस मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग ने व्यापारियों से सभी आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों के साथ नियमों का पालन करते हुए व्यवसाय संचालित करने की अपील की है।