रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
चोपन(सोनभद्र)। जनपद में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया तथा पुलिस को भ्रमित करने के लिए रास्ते में नोटों की गड्डियां भी फेंकीं। विरंजुआ क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने का दावा किया गया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस, निवासी लुधियाना (पंजाब), के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
• स्थानीय युवक की मदद से मिली सफलता, एसपी ने किया सम्मानित
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से करीब 3 किलोग्राम अफीम, 225 किलोग्राम डोडा, एक होंडा सिटी कार, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थों और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 58.75 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मादक पदार्थ डाल्टनगंज से खरीदकर लुधियाना ले जा रहा था। अभियान के दौरान सलखन निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अपनी निजी कार उपलब्ध कराकर पुलिस की मदद की, जिसके चलते कार्रवाई को गति मिली। उनके इस सहयोग पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।