Breaking News
प्रसूता की मौत मामले में बड़ा खुलासा, 10 हजार की इनामिया स्टाफ नर्स समेत दो गिरफ्तार     |     पिता की हत्या का आरोप बेटे पर, पुलिस जांच में खुली रिश्तों के विवाद की परतें     |     58 लाख का नशा, पुलिस पर फायरिंग और फिर एनकाउंटर... सोनभद्र में तस्कर दबोचा गया     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस को गुमराह करने का आरोप, म्योरपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

म्योरपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुण्डाडीह गांव में 29 मई को हुई राजदेव सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर मृतक के पुत्र रवि कुमार पर संदेह गहराया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक पिता के एक महिला से कथित संबंधों को लेकर परिवार में विवाद होता था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

• जंगल में ले जाकर हत्या करने का आरोप, कई अहम साक्ष्य बरामद

पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन आरोपी अपने पिता को जमीन दिखाने के बहाने जंगल में ले गया, जहां उनकी हत्या किए जाने का आरोप है। मामले में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कथित रूप से हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी तथा घटना के समय पहने गए कपड़ों की जली हुई राख बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।





Top