शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
कोन(सोनभद्र)। कस्बा कोन स्थित एक अवैध रूप से संचालित अस्पताल में प्रसव के दौरान आशा बहू सीमा देवी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये की इनामिया स्टाफ नर्स सलमा और उसकी सहयोगी दाई जौरुन बीबी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में पहले से मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों महिलाओं की भूमिका प्रकाश में आने पर उनकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
• अवैध अस्पताल संचालन को लेकर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक कस्बा कोन में संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव पीड़ा के दौरान कथित फर्जी चिकित्सकीय उपचार एवं ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वांछित चल रही स्टाफ नर्स सलमा पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थाना कोन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।