अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र(बभनी)। थाना क्षेत्र के चपकी गांव में मस्जिद के पास गुरुवार देर रात बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय प्रेमलता पत्नी फेकूराम शर्मा की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार प्रेमलता रात में कुत्ते को खाना देने के लिए घर से निकली थीं, तभी बभनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रेमलता को मृत घोषित कर दिया।
घायल बाइक सवार नीरज पुत्र राधेश्याम निवासी हथियार गांव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार मृतका मूल रूप से मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र के भरेठा गांव की निवासी थीं और उनके पति फेकूराम शर्मा सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।