परमेश्वर विश्वकर्मा संवाददाता
सोनभद्र(मधुपुर)। श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित अंतर्जनपदीय ‘मधुपुर क्रिकेट कप’ के फाइनल मुकाबले में मधुपुर की टीम ने तारा जीवनपुर मुगलसराय (पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर) की टीम को 27 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुपुर ने निर्धारित 10 ओवर में 148 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी तारा जीवनपुर की टीम 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी।
मधुपुर के खिलाड़ी पवन ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 62 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पवन को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी दिया गया। विजेता टीम को ‘मधुपुर क्रिकेट कप’ के साथ 30 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को एक-एक फर्राटा पंखा भी सम्मान स्वरूप भेंट किया गया।