SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जनपद के ओबरा थाना क्षेत्र के रास पहरी इलाके में स्थित पत्थर क्रेशर प्लांट पर कथित हथियारबंद लोगों ने धावा बोलते हुए जमकर उत्पात मचाया। गिट्टी लोड कराने आए ट्रकों में तोड़फोड़ की गई, कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई तथा प्लांट परिसर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि 6 से 7 की संख्या में पहुंचे हमलावर कथित तौर पर हथियारों से लैस थे और अचानक हमला कर कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए ट्रकों व प्लांट में तोड़फोड़ की। थाना प्रभारी ओबरा ने बताया कि चार नामजद आरोपियों समेत 6 से 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में मारपीट की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी पहचान सुनिश्चित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा