वीरेंद्र कुमार संवाददाता
सोनभद्र(विंढमगंज)। भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित सन जुबली कास्को क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में झारखंड राज्य के नगर उटारी की बंशीधर फाइटर क्रिकेट टीम ने तीन विकेट गंवाकर 104 रन बनाते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं श्री राम फाइनेंस क्रिकेट टीम उपविजेता रही। फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल भावना से खेलने से युवाओं में शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक क्षमता का विकास होता है तथा आपसी सौहार्द्र और तालमेल मजबूत होता है। उन्होंने उपविजेता टीम की भी सराहना की।
फाइनल में श्री राम फाइनेंस टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 103 रन बनाए, जिसमें तबरेज ने 36 और गोलू ने 22 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बंशीधर फाइटर टीम ने तीन विकेट खोकर 104 रन बनाकर मैच जीत लिया। भाटिया ने 44 और अमित ने 15 रन बनाए। पूरे टूर्नामेंट में अंपायर की भूमिका उज्ज्वल पटेल और शिवम गुप्ता ने निभाई, जबकि कमेंट्री अश्वनी जायसवाल ने की। आयोजन में अध्यक्ष विनोद सिंह गोड़, कोषाध्यक्ष शिवम कुमार गुप्ता सहित नातीक अली, जावेद कुरैशी, अशोक जायसवाल, सुरेंद्र पासवान, उदय जायसवाल, रवि गुप्ता, डीसी मद्धेशिया, आदित्य गुप्ता, प्रियांशु समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।