SVG इण्डिया न्यूज रूम
गुजरात। वलसाड जिले में सोमवार को एक भयावह सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कुंभघाट क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना वलसाड जिले के कपराड़ा तालुका के उस हिस्से में हुई, जिसे पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक काफी तेज गति में था, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ परिवार कपराड़ा के अंबा जंगल गांव का निवासी था। एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।