वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुटवेढ़वा के पासवान बस्ती निवासी दीपक कुमार (33) पुत्र रामदास की ससुराल झारखंड राज्य के गढ़वा जनपद अंतर्गत भवनाथपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेरौनी (हरिहरपुर) में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के पिता रामदास के अनुसार दीपक 15 फरवरी को अपने ससुराल गया था, जहां उसी रात सूचना मिली कि वह गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे पहले डाल्टनगंज में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए Rajendra Institute of Medical Sciences (रिम्स), रांची रेफर किया गया, जहां 20 फरवरी की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के पिता समेत परिजन मुंशी पासवान, रविंद्र, संजय, अंजू देवी और नन्हकू पासवान ने ससुराल पक्ष पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि मृतक ने मृत्यु से पूर्व अपने बहनोई रविंद्र व भाई संजय को घटना में शामिल लोगों के बारे में बताया था, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रविवार शाम जब शव गांव पहुंचा तो भारी भीड़ उमड़ पड़ी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।