सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में कार्यरत गोंडा जनपद निवासी अधिवक्ता सुभाष मिश्रा की जमीनी विवाद में हत्या की घटना से प्रदेश भर के अधिवक्ता समाज में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में संयुक्त अधिवक्ता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं उपकास के प्रांतीय महामंत्री राकेश शरण मिश्र ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर प्रश्न उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर घटना में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अधिवक्ताओं पर लगातार हो रहे प्राणघातक हमलों से भय का वातावरण बन गया है।
उच्चस्तरीय जांच व आर्थिक सहायता की मांग
राकेश शरण मिश्र ने प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही दिवंगत अधिवक्ता के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम शीघ्र लागू किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस कानून के अभाव में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश के अधिवक्ता आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं।