SVG इण्डिया न्यूज रूम
ओबरा(सोनभद्र)। ऐतिहासिक गांधी मैदान में सोनांचल कप के 23वें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। नाइन स्टार क्रिकेट क्लब ओबरा द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का प्रारंभ पूर्व कप्तान स्व. राजेश यादव की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर किया गया। मुख्य अतिथि ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक ई. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता ई. अजय कुमार राय, ई. दिवाकर स्वरूप एवं समाजसेवी अरुण प्रजापति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन मुकाबला चोपन और टू ब्रदर्स वोट्रेक्स के बीच खेला गया। चोपन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए वोट्रेक्स की टीम 19.4 ओवर में 107 रन बनाकर ऑल आउट हो गई, जिसमें रौनक ने 23 रन बनाए। चोपन की ओर से ऋषि और राजू पांडेय ने तीन-तीन विकेट लिए।
शिवम यादव बने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चोपन की टीम वोट्रेक्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 83 रनों पर सिमट गई। वोट्रेक्स की ओर से शिवम यादव ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट और आनंद ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। टू ब्रदर्स वोट्रेक्स ने 24 रनों से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिवम यादव को जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के अध्यक्ष दलबीर सिंह एवं समाजसेवी अरुण प्रजापति द्वारा मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका प्रदीप शर्मा व सोनू राय ने निभाई, जबकि स्कोरर के के पासवान और अक्षय पटेल रहे। आयोजन को सफल बनाने में सोनांचल कप के अध्यक्ष रमेश वैश्य एवं मुख्य संरक्षक रमेश कुमार सिंह की अहम भूमिका रही। 23 फरवरी को आगरा और बलिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा।