मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। ब्लॉक संसाधन केंद्र दुद्धी परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रधानों, स्थानीय पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को विभागीय योजनाओं और प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना था। मुख्य अतिथि के रूप में अश्विनी कुमार, उपजिलाधिकारी न्यायिक दुद्धी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक विद्यालय ग्राम पंचायतों से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान आपसी समन्वय बनाकर शिक्षा के विकास के लिए कार्य करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक शामिल हुए, जिन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया गया।
• शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर हुआ मंथन
कार्यक्रम में राम विशाल चौरसिया, बीडीओ दुद्धी तथा प्रेमशंकर राम, खंड शिक्षा अधिकारी दुद्धी ने ग्राम प्रधानों से शिक्षा के प्रसार में सक्रिय सहयोग की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेमशंकर राम, खंड शिक्षा अधिकारी दुद्धी ने की तथा विशेष सहयोग वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन का रहा। कार्यशाला के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं ब्लॉक स्तर पर शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर एआरपी श्यामसुंदर, उज्ज्वल मौर्य, योगेन्द्र यादव सहित अन्य शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र चौबे, अविनाश गुप्ता और प्रीति चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया।