रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में उत्तरी क्षेत्र अंतर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत 07 से 12 मार्च तक फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन सोनशक्ति स्टेडियम में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस टूर्नामेंट में उत्तरी क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं टांडा, ऊंचाहार, दादरी, विंध्याचल, सिंगरौली, मेजा, झज्जर तथा रिहंद की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी टीमों के कप्तानों और खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
• मशाल मार्च और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
कार्यक्रम के दौरान मशाल मार्च का आयोजन किया गया, जिसके बाद टूर्नामेंट ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय, डीएवी और सेंट जोसेफ विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। अपने संबोधन में प्रणय कुमार नायक ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों में टीम भावना, अनुशासन और निर्णय क्षमता को मजबूत करते हैं। उद्घाटन मैच एनटीपीसी रिहंद और शक्तिनगर की टीमों के बीच खेला गया, जो 1–1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।