रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के अंतर्गत प्रस्तावित पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं (पीएसपी) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परियोजनाओं के साथ सामाजिक दायित्वों का भी गंभीरता से निर्वहन किया जाए। उन्होंने परियोजना क्षेत्रों से जुड़े गांवों के विद्यालयों के कायाकल्प, संपर्क मार्गों की मरम्मत, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पीएसपी कंपनियों से सीएसआर मद से कराए जाने वाले विकास कार्यों की कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा।
• हरित सोनभद्र के निर्माण में कंपनियां निभाएं सक्रिय भूमिका : डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए सभी पीएसपी परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों को पहाड़ी एवं बंजर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीड बॉल (बीज बॉल) तकनीक के माध्यम से हरियाली बढ़ाने, लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर हरित सोनभद्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की बात कही। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ल, जीएम डीआईसी विनोद कुमार चौधरी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यम मित्र नितिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।