रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद के तियरा स्टेडियम का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिला प्रशासन ने स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए 6.73 करोड़ रुपये का प्रस्ताव खेल निदेशालय को भेज दिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि धनराशि स्वीकृत होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन मिलेंगे और तियरा स्टेडियम जनपद की नई पहचान बनकर उभरेगा।
• हॉकी टर्फ, सिंथेटिक कोर्ट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग समेत कई सुविधाएं होंगी विकसित
प्रस्ताव के तहत पवेलियन भवन का जीर्णोद्धार, क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, वॉलीबॉल कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग, बाउंड्रीवाल पर फेंसिंग, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावास एवं स्टेडियम का रंगरोगन, विश्वस्तरीय हॉकी टर्फ, जल निकासी व्यवस्था, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने से जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।