राजेश तिवारी की रिपोर्ट
कोन(सोनभद्र)। विकास खंड कोन अंतर्गत ग्राम पंचायत बरमोरी में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सामने आने के बाद सप्लाई विभाग हरकत में आया। शिकायत के क्रम में पूर्ति निरीक्षक निर्मल सिंह गांव पहुंचे और सस्ते गल्ले की दुकान की जांच की। जांच के दौरान प्राथमिक स्तर पर राशन वितरण में अनियमितता की बात सामने आई, वहीं मौके पर संबंधित विक्रेता के अनुपस्थित मिलने की बात कही जा रही है। स्थानीय कार्ड धारकों की मौजूदगी में लगभग 70 लोगों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें कई ग्रामीणों ने समय से राशन न मिलने की शिकायत दोहराई।
• कार्ड धारकों का आरोप, फरवरी का राशन भी नहीं मिला
ग्रामीणों के अनुसार निर्धारित तिथि पर राशन वितरण नहीं किया जाता, जिससे गरीब परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ती है। महिलाओं और बुजुर्गों को कई बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं, फिर भी उन्हें खाद्यान्न नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फरवरी माह का राशन होली से पहले तक वितरित नहीं किया गया, जिससे ससनई सहित आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन में विनय कुशवाहा, कन्हैयालाल, राघवेन्द्र, जितेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, श्रवण कुमार, रामभोग, रजवंती, मालती, सिरपतिया, फूल कुमारी, सोमरी देवी, फूल पतिया सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। पूर्ति निरीक्षक निर्मल सिंह ने बताया कि कार्ड धारकों के बयान दर्ज कर जांच आख्या सक्षम अधिकारियों और जिलाधिकारी को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।