Breaking News
बिजली बिल बकायेदारों के लिए राहत, बीजपुर उपकेंद्र पर आज मेगा कैंप     |     डॉक्टर गायब, मरीज बेहाल… पीएचसी में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा     |     डॉक्टर गायब, मरीज बेहाल… पीएचसी में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा     |     
Share on

  यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता

• शॉर्ट सर्किट के बाद जनरल स्टोर और दोना-पत्तल की दुकान में आग लगने का मामला

डाला(सोनभद्र)। डाला बाजार के मेन मार्केट में स्थित एक जनरल स्टोर व दोना-पत्तल तथा प्लास्टिक बर्तन की दुकान में सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में कबूतरों के आपस में लड़ने के दौरान शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके बाद तेज आवाज के साथ अचानक आग भड़क उठी और बिंदु केसरी की दुकान से धुआं निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दुकानदार को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकानदार ने किसी तरह दुकान का ताला खोलकर देखा तो अंदर रखा सामान धू-धू कर जल रहा था और आग इतनी तेज थी कि कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर सका।

• फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बाद में अन्य स्थानों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान और गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकानदार बिंदु केसरी के अनुसार आग में लगभग 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, क्योंकि हाल ही में शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में नया सामान भरा गया था। घटना के बाद दुकानदार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं व्यापार मंडल के लोगों ने दुकानदार को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया, जबकि आग बुझाने में स्थानीय युवाओं और लोगों की भी अहम भूमिका रही।





Top